तमकुहीरोड। सेवरही ब्लाक मुख्यालय पर नामांकन के दौरान बृहस्पतिवार को उस समय हंगामे की स्थिति उत्पन्न हो गई जब भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पीएसी के जवान को लाठियां भांजनी पड़ी।
इस घटना में एक प्रत्याशी का समर्थक घायल हो गया। इससे नाराज लोगों ने वहां हंगामा करना शुरू कर दिया। बृहस्पतिवार को समर्थकों के साथ खुदरा गांव से प्रधान पद के प्रत्याशी संदीप राय ब्लॉक मुख्यालय पर नामांकन के लिए पहुंचे।
इस दौरान पीएसी के एक जवान की लाठी से उनके समर्थक राकेश राय (सैन्यकर्मी) के सिर में चोट लग गई। सिर से खून निकलते देख साथ आए अन्य लोग नाराज हो गए और हंगामा करते हुए पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करने लगे।
हंगामा कर रहे लोग दोषी के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी कर रहे थे।
इस बीच घटना की सूचना मिलते ही सुरक्षा व्यवस्था में लगे थाना प्रभारी भीम यादव मौके पर पहुंच गए और हंगामा कर रहे लोगों को समझाकर शांत कराया। उसके बाद घायल को अस्पताल भेजा गया।