कुशीनगर जिले के तमकुहीराज के विधायक एवं कांग्रेस नेता अजय कुमार लल्लू के खिलाफ डकैती, जान से मारने की धमकी देने के आरोप में केस दर्ज किया गया है। इस मामले की पृष्ठभूमि में गाड़ियों की चेकिंग में रोकी गई एक गाड़ी छोड़ने की पैरवी पर विधायक और दरोगा के बीच ही कहासुनी है। दरोगा की तहरीर पर ही रिपोर्ट दर्ज की गई है।
बताते हैं कि सोमवार को बनरहा मोड़ पर पुलिस वाहन चेक कर रही थी। इसी बीच उधर से गुजर रहे एक बाइक सवार युवक को पुलिस ने रोककर गाड़ी के कागजात मांगे। युवक के पास ड्राइविंग लाइसेंस नहीं था। खुद को कांग्रेस कार्यकर्ता बता रहे युवक ने पुलिस पर ड्राइविंग लाइसेंस न होने के बदले घूस का दबाव बनाने का आरोप लगाते हुए फोन से जानकारी विधायक अजय कुमार लल्लू को दी।
विधायक के कहने पर युवक ने वहां मौजूद दरोगा सदानंद की ओर अपना फोन बढ़ाते हुए कहा कि विधायक बात करना चाहते हैं। दरोगा ने फोन पर विधायक से बात करने के इन्कार कर किया। दरोगा के ऐसे रुख की जानकारी मिलने पर विधायक खुद बनरहा मोड़ पहुंच गए। दरोगा से उनकी फोन पर बात न करने के मुद्दे पर नोकझोंक शुरू हो गई। इस बीच कुछ और कांग्रेस कार्यकर्ता वहां जुट गए।
दरोगा सदानंद ने विधायक पर दुर्व्यवहार का आरोप लगाते हुए फोन से आला अफसरों को घटनाक्रम की जानकारी दी। अफसरों के कहने पर इंस्पेक्टर व पुलिस टीम के और लोग वहां पहुंचे और समझाबुझाकर विधायक व समर्थकों को वापसी के लिए रजामंद किया। शाम के बाद विधायक व समर्थकों के खिलाफ केस दर्ज किए जाने की चर्चा तेजी से फैली।
इस संबंध में पूछने पर सीओ श्रीशचंद्र ने बताया कि दरोगा सदानंद ने विधायक सहित छह नामजद और सात अज्ञात लोगों के खिलाफ जान से मारने की धमकी देने और डकैती के आरोप में केस दर्ज कराया है।
एसपी दीपक कुमार भट्ट का कहना था कि एएसपी को जांच के लिए मौके पर भेजा गया था। रिपोर्ट आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं विधायक अजय कुमार लल्लू ने कहा कि उनके एक कार्यकर्ता की गाड़ी रोकी गई थी। वह गरीब और अपंग है। ड्राइविंग लाइसेंस न होने पर उससे रिश्वत मांगी जा रही थी।
इस मामले को लेकर दरोगा ने फोन पर बात नहीं की और मौके पर पहुंचे तो अपशब्दों का प्रयोग किया। केस दर्ज करना पुलिस की मनमानी और कानूने के दुरुपयोग का उदाहरण है।