खड्डा। हनुमानगंज थाना क्षेत्र में एक नाबालिग से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोपियों द्वारा हत्या की धमकी दिए जाने से डरी पीड़िता ने इसकी जानकारी किसी को नहीं दी।
सात माह की गर्भवती होने पर सच सामने आया। चचेरे भाई की तहरीर पर पुलिस ने दुष्कर्म और पास्को एक्ट में केस दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। वहीं सीओ ने भी पीड़िता के घर जाकर उसकी पीड़ा सुनी।
पीड़िता ने बताया कि करीब सात माह पहले गांव की एक महिला ने उसे काम के बहाने बुलाया। जब वह उसके घर पहुंची तो महिला ने उसे कमरे में बंद कर दिया। कमरे में एक युवक पहले से मौजूद था, जिसने उससे दुष्कर्म किया।
आरोपी खड्डा थाना क्षेत्र के एक गांव का निवासी है।वह पीड़िता के गांव में अपने दोस्त के घर आता जाता था। पीड़िता के मुताबिक आरोपियों और उसके सहयोगियों ने धमकी दी थी कि यदि उसने शिकायत की तो उसे और उसके परिवारवालों को मार डालेंगेें।
पीड़िता ने बताया कि उसके माता पिता बीमार और अत्यंत गरीब हैं। उसके चचेरे भाई की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज किया है।
इस संबंध में सीओ खड्डा गोरखनाथ ने बताया कि केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी की कोशिश की जा रही है। पीड़िता को चिकित्सीय परीक्षण के लिए भेजा गया है।