प्रधानी के चुनाव मेें वोट न देने की रंजिश में दबंगों ने रविवार को घर में घुसकर महिलाओं की जमकर पिटाई कर दी। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने रिपोर्ट तो दर्ज की है लेकिन अभी तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
रामनगर थाना क्षेत्र के भरसवां गांव निवासी लालचंद यादव ने पुलिस को बताया कि शनिवार रात उनके घर में गांव के ही राजेश, रामगोपाल आदि ने अपने समर्थकों के साथ हमला बोल दिया। इस दौरान लालचंद तो घर से भाग गए मगर उनके परिवार की सुमन, सरिता व अनीता को दबंगों ने लाठी-डंडों से जमकर पीट दिया और घर में तोड़फोड़ भी की।
आरोप है कि पंचायत चुनाव में वोट न देने की रंजिश में मौजूदा प्रधान सभाजीत के इशारे पर ये हमला किया गया है। लालचंद का आरोप है कि हमलावर घरेलू सामान भी उठा ले गए। पीड़ित ने थाने में तहरीर दी है। एसओ रामनगर राजीव कुमार ने बताया कि मामले मेें रिपोर्ट दर्ज कर ली है।