पडरौना। कप्तानगंज, रामकोला और अहिरौली बाजार थानाक्षेत्र के कई गांवों में कच्ची शराब बनाने और बेचने वालों के खिलाफ महिला मोर्चा ने शनिवार को एसपी कार्यालय में प्रदर्शन किया। महिलाओं ने एसपी को ज्ञापन दिया और कहा कि यदि शराब बनाने और बेचने वालों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
जिलाध्यक्ष शीला चौधरी की अगुवाई में महिला मोर्चा की मोहरा देवी, सुगंधी देवी, सुभागी देवी, शिवकली, मालती, धर्मा देवी, द्रौपदी देवी, इसरावती, प्रभावती, उर्मिला, गीता देवी, गौरी सहित कई महिलाएं पुलिस लाइंस पहुंचीं।
इन महिलाओं का कहना था कि कप्तानगंज थाना क्षेत्र के मथौली बाजार, लोहेपार, मठिया उर्फ अकटहां, सिंघाड़ी, भुड़ाडीह, इंदरपुर, अवरही, हसनगंज, रामकोला थानाक्षेत्र के पगार, तापस टोला, रगड़गंज, खोटहीं और अहिरौली बाजार थाना क्षेत्र के बसंतपुर, सोहरौना और खोखिया र्के इंट-भट्ठों और गांवों में व्यापक पैमाने पर कच्ची शराब बनाई और बेची जाती है।
इन इलाकों में बेची जाने वाली कच्ची शराब के खिलाफ वर्षों से अभियान चला रही हैं। कच्ची शराब को बंद कराने के संगठन की महिलाआें ने पुलिस प्रशासन की मदद की। लेकिन इस अवैध धंधे पर रोक नहीं लग पा रही है। इन महिलाओं ने कच्ची शराब की बिक्री पर रोक लगाने की मांग की।