कुबेरस्थान। जंगल हनुमानगंज धूसा टोले में शनिवार को आग लगने से सात घर जल गए। इस आगलगी में घरों के साथ गृहस्थी के सभी सामान भी जलकर नष्ट हो गए। जब तक अगिभनशमन दस्ता पहुंचा, ये सभी घर राख के ढेर में तब्दील हो चुके थे।
गांववालों के मुताबिक जंगल हनुमानगंज के धूसा टोला निवासी शर्मा यादव के घर से दोपहर बाद अचानक आग की लपटें उठने लगीं। जब तक लोग आग बुझाने की कोशिश करें, आग ने एक-एक कर परमा यादव, राजेश यादव, सूरज गौंड़, धीरा गौंड़, आद्या राठौर सहित सात लोगों के घरों को अपनी चपेट में ले लिया।
गांववालों की तरफ से इसकी सूचना अगिभनशमन दल को दी गई। काफी मशक्कत के बाद गांव के लोगों ने आग बुझाई। जबकि अगिभनशमन दस्ता पहुंचा, इन लोगों के घर और उनमें रखे सभी सामान नष्ट हो चुके थे। गांव में केवल तबाही का मंजर और बर्बाद हुए लोगों की चीखें सुनाई दे रही थीं। हलका लेखपाल विशाल चतुर्वेदी ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा और क्षति का आंकलन किया।