चीनी मिल के तौल कांटे से प्रति ट्राली 20 क्विंटल गन्ना की घटतौली के मामले में किसान की तहरीर पर खड्डा चीनी मिल के प्रबंधक सहित चार व्यक्तियाें के विरुद्ध केस दर्ज कर लिया है।
चीनी मिल के खिलाफ कार्रवाई के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं सहित कई किसान शुक्रवार की आधी रात तक धरने पर बैठे रहे। वहां पहुंचे एडीएम सहित अन्य अधिकारियों ने मुकदमा दर्ज होने की जानकारी दी, जिसके बाद उन लोगों ने धरना समाप्त कर दिया।
खड्डा चीनी मिल के तौल कांटे पर कोपजंगल गांव की निवासी रंभा देवी के घर के लोग और रंजीता टोला निवासी नवल ने शुक्रवार को गन्ना लेकर चीनी मिल के तौल केंद्र पर पहुंचे थे। इन लोगाें ने 20-20 क्विंटल प्रति ट्राली घटतौली का आरोप लगाया।
लक्ष्मीपुर पड़रहवा के राजू ने भी घटतौली की शिकायत की थी। इसकी शिकायत लेकर किसान खड्डा थाने में भी पहुंचे थे, लेकिन पुलिस ने बिना कार्रवाई किए ही उन्हें लौटा दिया गया। इस बात को लेकर किसानों के साथ भाजपा कार्यकर्ता मिल के तौल केंद्र के पास धरने पर बैठ गए थे।
पहले तो चीनी मिल और पुलिस के तरफ से किसी तरह धरना समाप्त कराने का प्रयास किया गया, लेकिन धरनारत लोग नहीं हटे। मामला डीएम तक पहुंचा तो अधिकारी हरकत में आए।
देर रात एडीएम, एसडीएम, एएसपी सहित गन्ना सचिव पहुंचे। धरना दे रहे लोगों ने घटतौली के लिए जिम्मेदारों पर मुकदमा दर्ज करने की मांग की। इसके बाद किसानों की तहरीर पर पुलिस ने मिल प्रबंधक, गन्ना प्रबंधक, कंप्यूटर प्रभारी सहित चार लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर उसकी प्रति धरनारत लोगों को दिखाई। उसके बाद आधी रात को धरना समाप्त हुआ।