रामकोला थाना क्षेत्र के लाला छपरा गांव में सोमवार की शाम को अश्लील गाना बजाने पर दो पक्षों के बीच मारपीट के बाद पथराव शुरू हो गया। इस विवाद में कई लोग घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस 14 लोगों को पकड़कर थाने ले आई।
लाला छपरा गांव निवासी परमेश्वर खटिक और हरदेव खटिक का घर अगल-बगल है। होली के अवसर पर अश्लील गाने को लेकर इन परिवारों के दो किशोर आपस में उलझ गए। बात बढ़ी तो दोनों पक्षों के बड़े लोग भी उलझ गए। मारपीट के साथ ही ईंट-पत्थर भी चलने लगे। इसके चलते करीब एक घंटे तक वहां अफरा-तफरी का माहौल रहा। विवाद की सूचना पर लक्ष्मीगंज पुलिस चौकी से फोर्स पहुंची और दोनों पक्ष के लोगों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। परंतु पुलिस के लौटते ही फिर विवाद शुरू हो गया। इसके बाद एसओ रामकोला अर्द्धसैनिक बलों के साथ मौके पर पहुंचे दोनों पक्षों से 14 लोगों को पकड़कर थाने ले आए। इस संबंध में एसओ गजेंद्र राव का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर दोनों पक्षों पर कार्रवाई की जाएगी।