रामकोला। थानाक्षेत्र के इंद्रसेनवा गांव में पेड़ काटने के दौरान मंगलवार को दो पक्षों में विवाद हो गया। दोनों पक्षों के लोग हाथों में कुल्हाड़ी, गंड़ासा, लाठी-डंडे लेकर एक दूसरे पर टूट पड़े, मारपीट में छह महिलाओं सहित 13 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
उन्हें रामकोला सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां सात के सिर में गंभीर चोट लगने के कारण जिला अस्पताल रेफर कर दिया। इंद्रसेनवा गांव के निवासी प्रमोद शर्मा और रामकृपाल के बीच एक पेड़ को लेकर काफी दिनों से विवाद चल रहा था।
प्रमोद शर्मा ने उस पर मुकदमा कर रखा था। मंगलवार को रामकृपाल दोपहर लगभग एक बजे उस पेड़ को अपना बताकर काटने लगे। बताया जा रहा है कि प्रमोद शर्मा के परिवारीजनों के विरोध पर कहासुनी हो गई।
देखते ही देखते दोनों पक्षों में मारपीट की नौबत आ गई। पेड़ काटने के लिए इस्तेमाल किए जा रहे कुल्हाड़ी, गड़ासा सहित अन्य हथियार लेकर दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे पर टूट पड़े।
इस वजह से एक पक्ष के प्रमोद, संध्या, श्याम, नगीना, राधिका देवी, गुड़िया, अंटू गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि दूसरे पक्ष से रामकृपाल शर्मा, शकुंतला देवी, सीता देवी, पूजा, धर्मवीर, संदीप सहित कुल 13 लोग घायल हो गए। सूचना मिलने पर रामकोला थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और वहां से कुल्हाड़ी, गंड़ासा, डंडे आदि बरामद किए।
सभी घायलों को रामकोला सीएचसी पहुंचाया गया, जिनमें सात लोगों के सिर में गंभीर चोट होने के कारण डॉक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। इस संबंध में सीएचसी पर मौजूद एसआई एमपी चतुर्वेदी का कहना था कि अभी दोनों पक्षों में से किसी ने तहरीर नहीं दी है। परिवारीजन घायलों का इलाज करा रहे हैं। तहरीर मिलते ही केस दर्ज किया जाएगा।