फाजिलनगर। पटहेरवां थानाक्षेत्र के ग्राम बेलवां कला में सीमेंट से बना खंभा गिर जाने सेे 11 वर्ष का एक बालक दब गया। परिवार के लोग गंभीर हालत में उसे फाजिलनगर सीएचसी लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बेलवा कला गांव में साधन सहकारी समिति के सामने सीमेंट से निर्मित एक खंभा लगाया गया था। शनिवार की शाम लगभग पांच बजे गांव के सिराजुद्दीन अंसारी का 11 वर्षीय बेटा कलामू उस खंभे पर चढ़कर खेल रहा था।
अचानक खंभा जमीन से ही उखड़ गया और कलामू खंभे के साथ नीचे गिर गया। उसके नीचे दब जाने से बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। परिवारीजन गांववालाें की मदद से कलामू को सीएचसी ले आए, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
कलामू दो भाइयों में बड़ा था। घर के लोगाें का रो रोकर बुरा हाल हो गया था। इस संबंध में एसओ पटहेरवा जितेंद्र कुमार यादव का कहना था कि मामला संज्ञान में है। मौके पर पुलिस गई थी। लेकिन कोई तहरीर नहीं मिली।