लखनऊ-कुशीनगर। कुशीनगर जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी उमेश पटेल से गाली-गलौज करने वाले चिकित्सा शिक्षा राज्यमंत्री राधेश्याम सिंह को मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने तलब किया है। वहीं जिला पंचायत के अध्यक्ष हरीश राणा राज्यमंत्री की शिकायत करने के लिए सोमवार को लखनऊ पहुंच रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री से मिलने के लिए समय मांगा है।
जिला पंचायत अध्यक्ष राणा ने बताया कि मंत्री की गाली-गलौज से जुड़ा ऑडियो पार्टी के प्रदेश सचिव व एमएलसी एसआरएस यादव को पहले ही भेजा दिया है। मंत्री की बदजुबानी से पार्टी की छवि को काफी नुकसान हुआ है। मुख्यमंत्री को इस मामले की जानकारी देने के लिए समय की मांग की है। वह इसके लिए सोमवार को लखनऊ आ रहे हैं। राणा ने बताया कि उन्हें जानकारी मिली है कि अपर मुख्य अधिकारी ने प्रकरण की जानकारी कुशीनगर के जिलाधिकारी, एसपी व डीआईजी को मेल के जरिए दी है। उन्होंने कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
उधर राणा के पिता एवं रामकोला के सपा विधायक पूर्णमासी देहाती ने बताया कि उन्होंने सपा के एक वरिष्ठ पदाधिकारी को टेलीफोन पर जानकारी दी है कि राज्यमंत्री ने किस तरह अपर मुख्य अधिकारी, जिला पंचायत अध्यक्ष व उनका नाम लेकर गाली-गलौज की है। उन्होंने मुख्यमंत्री को पूरे मामले से अवगत कराने के लिए कहा। संबंधित पदाधिकारी ने उनसे कहा कि है एक दो दिन में लखनऊ आकर मुख्यमंत्री के सामने पूरी बात रखें। देहाती ने बताया कि वह मंगलवार को लखनऊ आएंगे। इसके बाद समय लेकर मुख्यमंत्री के सामने अपनी बात रखेंगे।