तमकुहीरोड/सेवरही। दो घरों में शनिवार रात आग लगने से भाई-बहन जिंदा जल गए। घटना सेवरही थाना क्षेत्र के राजपुर बगहां गांव के नौका टोला की है।इस आगजनी में दो मवेशी भी झुलसकर मर गए। साथ ही झोपड़ी में रखा टेंपों और नकदी व आभूषण भी जलने की बात पीड़ितों द्वारा कही जा रही है।
राजपुर बगहां गांव के नौका टोला में शनिवार की रात में लोग भोजन करके सो गए थे। देररात तकरीबन एक बजे जब लोग गहरी नींद में थे, इसी बीच श्यामसुंदर और कलावती के घर से आग की लपटें उठने लगीं।
कलावती के घर के लोग किसी तरह बाहर निकल गए, लेकिन श्यामसुंदर किसी शादी समारोह में शामिल होने गए थे। उनके घर के लोगों को जब आग की जानकारी हुई, तब तक आग विकराल रूप धारण कर चुकी थी। इस दौरान उनकी पत्नी और दो बच्चों को लोगों ने किसी तरह बाहर निकाल लिया।
लेकिन आग की लपटों में घिरने से श्यामसुंदर की पुत्री रजांती(8) और राजू(12) आग में घिर जाने के कारण गंभीर रूप से झुलस गए। उन्हें बचाने के लिए लोगों ने झोपड़ी तोड़कर बाहर निकालने की कोशिश कर रहे थे, इसी बीच झोपड़ी का ऊपरी हिस्सा बच्चों के ऊपर गिर गया। इससे दोनों बच्चों की मौत हो गई।
आग में दो बकरियाें की भी झुलसने से मौत गई। इस आग में घर में रखे समूह के 90 हजार रुपये, दो साइकिल, सिलाई मशीन, सहित एक टेंपो भी जल गया। घटना की सूचना मिलने पर सेवरही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
घटनास्थल पर तहसीलदार रामसुधार, राजस्व निरीक्षक गजाधर प्रसाद, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि सुरेश पांडेय, हलका लेखपाल रामप्रवेश सहित कई लोगों ने पहुंचकर पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया और हर संभव मदद का आश्वासन दिया। इस घटना के बाद गांव में मातम छाया है।
इस संबंध में एसडीएम गणेश प्रसाद सिंह ने बताया कि पीड़ित परिवार को जल्द ही अनुमन्य सहायता उपलब्ध करा दी जाएगी।