जटहां बाजार। बिहार बॉर्डर पर स्थित बांसी क्षेत्र में शुक्रवार को देर शाम भट्ठी खुलने पर ज्यों ही शराब लेकर वाहन पहुंचा, गांव के लोग नाराज हो गए और हंगामा करने लगे। गांववालों ने वहां तोड़फोड़ भी किया। हंगामा बढ़ते देख भट्ठी संचालक वाहन लेकर भाग गया।
उधर, भट्ठी से महज 200 मीटर की दूरी पर पुलिस चौकी स्थित है लेकिन हंगामा की जानकारी के बावजूद पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। गांववालों ने चेतावनी दी कि शराब की भट्ठी वहां से नहीं हटाई गई तो आंदोलन किया जाएगा।
पडरौना कोतवाली क्षेत्र का बांसी गांव बिहार सीमा पर है। आबकारी विभाग की ओर से वहां नई शराब की भट्ठी का लाइसेंस दिया गया है। वहां भट्ठी पर शुक्रवार को देर शाम शराब लादकर एक वाहन पहुंचा। इसकी जानकारी जैसे ही बांसी गांव के लोगों को हुई नाराज हो गए और मौके पर पहुंचकर हंगामा करने लगे।
भट्ठी संचालक दुकान खोलवाकर वहां जब वाहन से सामान उतरवाकर रखवाने लगा गांव के लोग उग्र हो गए और तोड़फोड़ करने लगे। हंगामा बढ़ते देख संचालक किसी तरह से दुकान बंद कर वाहन लेकर भाग गया। इस दौरान गांव की बनेहा देवी, गुलाबी देवी, रजनी, संगीता देवी, मंजू, छट्ठू यादव, शिवधनी, बीरबल, दिनेश सहित काफी संख्या में लोग मौजूद रहे।
इस संबंध में बांसी चौकी के एसआई सिंहासन प्रसाद ने कहा कि मामले की जानकारी है। भट्ठा मालिक की तरफ से तहरीर मिलने पर हंगामा करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।