पडरौना। रामकोला थाना क्षेत्र के बरवा महदेवा निवासी एक व्यक्ति के बैंक खाता से किसी ने 22 हजार रुपये ऑनलाइन निकाल लिए हैं। खातेदार को मोबाइल पर मिले मैसेज से इसकी जानकारी हुई। इस मामले में खातेदार की तहरीर पर एक ट्रैवल एजेंसी के संचालक के खिलाफ केस दर्ज हुआ है।
बरवा महदेवा गांव निवासी जयप्रकाश प्रजापति असम राइफल्स उखरुल मणिपुर में हवलदार के पद पर तैनात हैं। बीते नौ नवंबर को वह अवकाश पर अपने घर आए थे। पडरौना के एसबीआई मुख्य शाखा में उनका खाता है। इसी खाते से वह लेन-देन करते हैं। 13 नवंबर को वह कोटा जाने के लिए पडरौना नगर के एक ट्रैवेल एजेंसी पर टिकट बनवाने के लिए आए थे। जयप्रकाश के अनुसार टिकट बन जाने के बाद उन्होंने एजेंसी पर लगे पीओएस मशीन से दो हजार रुपए का भुगतान किया। 17 नवंबर को उनके मोबाइल पर खाते से संबंधित मैसेज मिला। इसमें उनके खाते से कई बार में 22 हजार रुपए की निकासी हुई है। मैसेज देखकर घबराए जयप्रकाश ने खाते की छानबीन शुरू की।
इस मामले में पडरौना कोतवाली पुलिस ने पीड़ित जयप्रकाश की तहरीर पर ट्रैवेल एजेंसी संचालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।