खड्डा/कुशीनगर। घूस लेते एक छात्र द्वारा फोटो खींचने पर नाराज एसडीमए ने आपा खो दिया। उन्होंने छात्र को पकड़वाकर अपने कार्यालय में बंधक बना लिया और उसकी जमकर पिटाई की। इसके बाद छात्र को और सबक सिखाने की हिदायत के साथ उसे पुलिस को सौंप दिया। इस घटना से तहसील में हंगामा मच गया। पुलिस को लाठियां भांजकर भीड़ को तितरबितर करना पड़ा। सोमवार को तहसील में घटित इस घटना की जानकारी होते ही अधिवक्ता,मुकदमें की पैरवी करने आए वादकारी ,भाजपा तथा हियुवा के लोग एसडीएम के खिलाफ धरने पर बैठ गए। धरनारत लोग एसडीएम को हटाने और उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग करने लगे। एसडीएम के खिलाफ कसबे के सुभाष चौक पर धरना जारी है।
खड्डा तहसील क्षेत्र के ग्राम सभा कटाईभरपुरवा निवासी छात्र शमीम अंसारी पुत्र जैमुल्लाह सोमवार को दिन के लगभग एक बजे एसडीएम कार्यालय में अपने निवास प्रमाण पत्र के बावत कलर्क से पूछ रहा था। छात्र का आरोप है कि इसी दौरान एसडीएम के कहने पर कार्यालय का लिपिक एक व्यक्ति से सुविधा शुल्क ले रहा था। शमीम ने उसे अपने मोबाइल में कैद कर लिया। पोल खुलने के डर से लिपिक एवं एसडीएम ने शमीम को आफिस में दरवाजा बंद कर पिटाई की। छात्र के चिल्लाने पर अधिवक्ताओं व आम लोगों की भीड़ जुट गई। आरोप है कि एसडीएम ने छात्र को अपशब्द कहा और फ र्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी देते हुए खड्डा पुलिस के हवाले कर दिया। छात्र का कहना है कि उसके पास रखे सात हजार रुपये और मोबाइल भी एसडीएम व उनके स्टॉफ ने मारपीट कर छीन लिया। छात्र ने भी एसडीएम पर मुकदमा दर्ज करने की मांग की।
इस घटना की सूचना पर भाजपा नेता डॉ. निलेश मिश्र तहसील में पहुंचकर गेट पर धरना पर बैठ गये। इसी बीच हियुवा के जिला प्रभारी अजय गोविंद राव शिशु, कुणाल राव, खड्डा नगर पंचायत की चेयरमैन शारदा तुलस्यान के पति राजू तुलस्यान, सुप्रीयमय मालवीय, राजू गुप्ता, धर्मेंद्र राव, कांग्रेस नेता अशोक सिंह भी तहसील पहुंच गए। तहसीलदार कार्यालय के सामने धरना दे रहे इन लोगों की मांग थी कि एसडीएम के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया जाए तथा उन्हें यहां से हटाया जाए। एसडीएम की पिटाई से चोटिल हुए छात्र का इलाज कराकर उसे धरनास्थल पर लाया जाए। इस दौरान एसडीएम और तहसीलदार अपने कक्ष में बैठे रहे। लोगों का उग्र तेवर देख वहां एसओ खड्डा और नेबुआ नौरंगिया सहित कई थानो की फोर्स के साथ सीओ आरबी सिंह भी पहुंच गए।
बताया जा रहा है कि वार्ता चल ही रही थी कि इसी बीच कुछ लोग पकड़े गए छात्र को धरनास्थल पर लाए जाने की मांग करने लगे। पुलिस का कहना था कि उसका कोई कुसूर नहीं है। उसे वहीं से छोड़ दिया गया। इस पर बात बिगड़ गई। लोगों को पुलिस की बात पर भरोसा नहीं हुआ। लोगों की पुलिस से नोक झोेंक के बीच पुलिस को को बल प्रयोग करना पड़ा। विरोध में वहां मौजूद लोगों ने पथराव शुरू कर दिया। पथराव आधे घंटे तक चला। इसमेें हियुवा के जिला प्रभारी अजय गोविंद राव का पैर फ्रैक्चर हो गया, जबकि छह से अधिक महिलाएं घायल हो गईं। इन महिलाओं को इलाज के लिए खड्डा सीएचसी पहुंचाया गया। भाजपा नेता सुप्रीयमय मालवीय की गाड़ी को नुकसान पहुंचा। भाजपा नेता डॉ. नीलेश मिश्रा, राजू तुलस्यान व अन्य लोगों को भी चोट आई है।लाठी चार्ज के बाद भीड़ तितर बितर हो गई, लेकिन कुछ देर बाद खड्डा कस्बे के सुभाषचौक पर डॉ. निलेश मिश्रा व अन्य लोग पुन: धरना पर बैठ गए।
खड्डा के एसओ श्रीप्रकाश यादव का कहना है कि छात्र को छोड़ दिया गया है। उसे घर भेजवाया जा रहा है। जो अराजकता फैलाए हैं, उन्हें चिह्नित किया गया है। उनके विरुद्ध भी कार्रवाई की जाएगी। लड़के के पिता की तहरीर पर जांच कर दोषी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
इस संबंध में डीएम शम्भु कुमार का कहना है कि मामले को गंभीरता से लिया जाएगा। एसडीएम के विरुद्ध कार्रवाई के लिए पत्र लिखा जाएगा तथा अन्य जो भी दोषी होंगे, उनके विरुद्ध भी कार्रवाई होगी।