शकुंतला की मौत पर सिधुआ बाजार पुलिस चौकी के सामने सड़क पर शव रखकर जाम लगाए लोग ।
- फोटो : अमर उजाला
पडरौना। कोतवाली क्षेत्र के सिधुआं बाजार में जमीन के विवाद को लेकर हुई मारपीट में घायल एक महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। इससे नाराज लोगों ने सिधुआं बाजार पुलिस चौकी के सामने मंगलवार को शव रखकर करीब तीन घंटे तक सड़क जाम किए रखा। भीड़ को खदेड़ने के लिए पुलिस ने लाठियां भी पटकीं।
श्
उसके बाद भीड़ ने जाम खत्म किया।बताया जा रहा है कि सिधुआं बाजार निवासी रामेश्वर उर्फ खेलाड़ी कुशवाहा की 35 वर्षीय पत्नी शकुंतला देवी सोमवार को घर के बगल में एक गुड़ व्यवसायी के वहां मजदूरी करने गई थीं। तभी घर पर पड़ोसी से जमीन के विवाद को लेकर कहासुनी होने लगी। सूचना मिलते ही शकुंतला गुड़ प्लांट पर काम छोड़ घर पहुंचीं।
बात बढ़ते बढ़ते मारपीट तक पहुंच गई। सिर में गंभीर चोट आने के कारण शकुंतला गिरकर बेहोश हो गईं। उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से डॉक्टर ने उनकी हालत गंभीर बता मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। वहां के वरिष्ठ डॉक्टरों ने शकुंतला के सिर में गंभीर चोट बता पीजीआई रेफर कर दिया।
रुपये के अभाव में घरवाले उन्हें लेकर चले आए और जिला अस्पताल में पुन: भर्ती करा दिया, जहां इलाज के दौरान मंगलवार की सुबह उनकी मौत हो गई। शकुंतला की मौत की सूचना के बाद कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने के बाद घर भेज दिया। घटना को लेकर पहले से गुस्साए मृतका के घरवालों ने गांववालों की मदद से सिधुआं बाजार में पुलिस चौकी के सामने शव रखकर जाम लगा दिया।
वे लोग घटना के लिए जिम्मेदार व्यक्तियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे थे। साथ ही आरोपियों के गिरफ्तारी की मांग भी करने लगे। तीन घंटे के मान मनौवल पर भी बात नहीं बनी तो पुलिस ने जमीन पर लाठियां पटककर भीड़ को तितर बितर किया। उसके बाद आवागमन भी बहाल हो सका।