ढाढा/कुशीनगर। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को बर्खास्त करने से इन्कार पर ब्लॉक प्रमुख के पुत्र ने सीडीपीओ को कमरे में बंद कर उनकी पिटाई कर दी। पीड़ित सीडीपीओ की तहरीर पर पुलिस ने प्रमुख के बेटे समेत दो लोगों पर सरकारी कार्य में बाधा डालने और मारने पीटने का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
सुकरौली ब्लॉक में तैनात सीडीपीओ अब्दुल क्यूम का आरोप है कि ब्लॉक प्रमुख इंद्रमणि सिंह के बेटे प्रमोद सिंह ने एक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की सेवा समाप्त करने के लिए उन पर दबाव बनाया था। उनकी ओर से की गई शिकायत की जांच में सब कुछ नियम संगत मिला। ऐसे में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की सेवा समाप्त करने से उन्होंने इन्कार कर दिया।
आरोप है कि उसी बात को लेकर शनिवार की शाम एक युवक को भेज कर प्रमोद सिंह ने उन्हें ब्लॉक परिसर के एक कमरे में बुलाया। प्रमोद सिंह ने अपने सहयोगी के
साथ मिलकर कमरे में बंद कर दिया और उनकी पिटाई की। हालांकि प्रमोद सिंह ने सीडीपीओ के आरोपों को निराधार बताया है। कहा कि सीडीपीओ से उनकी मुलाकात हुई थी, लेकिन कोई वाद-विवाद नहीं हुआ था।
कुछ अन्य लोगों से सीडीपीओ की कहासुनी हुई थी। कोतवाल गजेंद्र राय ने बताया कि ब्लॉक प्रमुख के पुत्र प्रमोद सिंह समेत दो लोगों परके खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने और मारपीट का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। विवेचना से जो तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।