कसया। कुशीनगर पुलिस चौकी से कुछ दूरी पर एनएच-28 के सर्विस लेन पर हुए हादसे में एक पान विक्रेता की मौत हो गई। जबकि बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौत की सूचना से परिजनों में कोहराम मच गया।
नगर के वार्ड 21 बुद्धनगरी (सुखारी छपरा) निवासी दिलीप चौरसिया (55) की कुशीनगर तिराहे पर पान की दुकान है। रविवार को दोपहर बाद के लगभग एक बजे वह किसी आवश्यक कार्य से दुकान से घर पैदल सर्विस लेन से होकर जा रहे थे। इसी दौरान कुशीनगर की तरफ आ रही बाइक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर से पान विक्रेता और बाइक चालक दोनों गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
आसपास के लोग यह देख घटनास्थल की ओर दौड़े। दोनों घायलों को सीएचसी कसया भेजवाया। जहां से पान विक्रेता को गोरखपुर मेडिकल कॉलेज इलाज के लिए ले जाते समय रास्ते में ही मौत हो गई, वहीं बाइक चालक को जिला अस्पताल भेजवाया। हादसे में बेहोशी की हालत में चले जाने से बाइक चालक के बारे में कोई जानकारी अभी नहीं मिल पा रही है।
एसओ शैलेश कुमार सिंह ने बताया कि शव का पंचनामा बनवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। बाइक चालक के परिजनों को उसके जेब से मिले मोबाइल नंबर पर अवगत कराया जा चुका है लेकिन अभी कोई डिटेल नहीं मिला है। बाइक पुलिस के कब्जे में है।
दो बाइकों की टक्कर में युवक घायल, रेफर
ढाढ़ा। हाटा कोतवाली के गांव बंचरा में रविवार दोपहर दो बाइक की आमने-सामने टक्कर में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। दूसरा बाइक सवार बाइक लेकर भाग निकला।
पैकौली गांव सद्दाम बाइक से सुकरौली से बंचरा की ओर जा रहे थे। कॉर्पोरेशन बैंक के सामने विपरीत दिशा से आ रही बाइक से टक्कर हो गई। सद्दाम गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों की मदद से उनको पीएचसी सुकरौली पहुंचाया गया। डॉक्टर ने हालत गंभीर देख उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
हादसे में बाइक सवार दो किशोर घायल
मथौली बाजार। कप्तानगंज क्षेत्र के घिवही चौराहे के पास रविवार को हुए हादसे में बाइक सवार दो किशोर घायल हो गए। घटना के बाद आस-पास के लोग जुट गए और घायलों को निकट के अस्पताल भेजवाया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद दोनों घायल मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिए गए।
गौनरिया निवासी संदीप पुत्र शंभू सिंह 16 वर्ष और सन्नी पुत्र तुलसी राजभर 15 वर्ष एक ही बाइक से रविवार की शाम को मथौली बजार जा रहे थे। अभी लोग घिवही चौराहे के समीप पहुंचे ही थे। उसी दौरान अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दोनों लोग घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर भीड़ जुट गई। सूचना पाकर ग्राम प्रधान सतीश वर्मा मौके पर पहुंचे और घायलों को सीएचसी मोतीचक मथौली ले गए ।डाक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। लोगों ने बताया कि दोनों युवक हेलमेट नहीं पहने थे।