कपड़ा प्रेस करते करते समय लगी आग, महिला की जलने से मौत
अमर उजाला ब्यूरो
मथौली बाजार। हाटा कोतवाली क्षेत्र के अथरहा गांव के चौपटही टोला में शनिवार की शाम इलेक्ट्रिक आयरन से कपड़ा प्रेस करते समय घर में आग लग गई। इस आग की चपेट में आने से एक महिला गंभीर रूप से झुलस गई, जिससे उसकी मौत हो गई।
इस गांव के पुन्नू सिंह की 20 वर्षीय पत्नी रिक्की शनिवार की शाम करीब पांच बजे घर में कपड़ा प्रेस कर रही थी, तभी उससे अचानक आग लग गई। उसका शोर सुनकर जब तक लोग पहुंचे, गंभीर रूप से झुलस जाने के कारण उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और घटना की जांच में जुट गई है। उसकी शादी अभी छह माह पहले ही हुई थी। हाटा के कोतवाल गजेंद्र राय ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है।