पडरौना। स्वॉट टीम और पडरौना कोतवाली पुलिस ने सिंघापट्टी गांव के पास से चार लोगों को हरियाणा प्रांत निर्मित 78 पेटी अंग्रेजी शराब के साथ पकड़ा है। इनके पास से एक कार और ट्रैक्टर-ट्राली भीबरामद की गई है। पकड़े गए लोग हरियाणा से अंग्रेजी शराब लाकर बिहार और सीमावर्ती इलाकों में बेचते थे। सभी लोग हरियाणा के निवासी बताए जा रहे हैं। बरामद शराब की कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई जा रही है।
शनिवार को एसपी यमुना प्रसाद ने मामले की जानकारी दी। बताया कि पडरौना कोतवाली क्षेत्र के बांसी और आसपास के इलाके में अंग्रेजी शराब की अवैध बिक्री की सूचना पर सीओ सदर नितेश प्रताप सिंह की अगुवाई में स्वॉट टीम और कोतवाली पुलिस छानबीन कर रही थी। शुक्रवार की शाम करीब साढ़े सात बजे टीम ने बांसी रोड स्थित सिंघापट्टी गांव के पास से चार लोगों को अवैध शराब के साथ पकड़ा। इनके पास से पकड़ी गई कार में चार पेटी और ट्रैक्टर-ट्राली पर 70 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद की गई। पकड़े गए नरेश कुमार निवासी बांस बादशाहपुर थाना बास जिला हिसार, रामफल निवासी बड़सी थाना बवानीखेड़ा जनपद भिवानी, मोहित शर्मा निवासी गिरिधरपुर थाना सल्लाबास जिला झज्जर और नवीन कुमार निवासी हरिकोट थाना, जनपद हिसार के रहने वाले बताए जा रहे हैं। इनके खिलाफ आबकारी अधिनियम तथा धोखाधड़ी के आरोप में केस दर्ज किया गया है। टीम में कोतवाल विजयराज सिंह, एसआई धनंजय कुमार राय, कांस्टेबल सत्येंद्र यादव, रविंद्र यादव, प्रदीप यादव, अरविंद तथा स्वाट टीम के एसआई जगमोहन राय, सर्विलांस टीम के प्रभारी और कंप्यूटर आपरेटर सुशील सिंह, कांस्टेबल अशोक कुमार सिंह मौजूद रहे।