कमरे में कुंडे से लटकता मिला विवाहिता का शव
अमर उजाला ब्यूरो
कोटवा बाजार। नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के विशुनपुरा बुजुर्ग गांव में शनिवार की रात विवाहिता का शव उसके कमरे में छत के कुंडे से लटकता मिला। रविवार की सुबह पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सौरहा बुजुर्ग गांव के जौरही टोला निवासी श्यामबदन यादव की पुत्री सुमन (23) की शादी तीन साल पहले इसी थाना क्षेत्र के विशुनपुरा निवासी भगन यादव के पुत्र सोहन से हुई थी। कुछ दिन पहले ही सोहन रोजगार के सिलसिले में बाहर गया है। बताया जा रहा है कि सुमन शनिवार की रात अपने कमरे में थी। कुछ देर बाद घरवालों ने उसे आवाज दी, लेकिन कोई जवाब नहीं आया। बार-बार पुकारने पर भी वह नहीं बोली तो परिजन उसके कमरे की ओर गए। कमरे का दरवाजा खोला तो सुमन छत के कुंडे से लटकी पड़ी थी। आनन-फानन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
नेबुआ नौरंगिया थाने के प्रभारी निरीक्षक निर्भय नरायन सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आते ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। उधर, मृतका के बड़े पिता रामप्रवेश यादव एवं उनके रिश्तेदारों ने पति पर किसी महिला से संबंध होने का आरोप लगाया है।