खड्डा (कुशीनगर)। ससुराल वालों ने जिस महिला की गुमशुदगी दर्ज कराई थी, वास्तव में उसकी हत्या की गई थी। पति ने ही उसका गला काट कर सिर जमीन में गाड़ दिया था और धड़ को नहर में बहा दिया था। खड्डा थाना क्षेत्र के विशुनपुरा गांव में हुए इस हत्याकांड में विवाहिता के सास-ससुर और ननदोई भी शामिल बताए जा रहे हैं। पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर ननदोई को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है। मृतका के पिता की शिकायत पर पुलिस की छानबीन में घटन का पर्र्दाफाश हुआ।
कप्तानगंज थाना क्षेत्र के बुड़ंतवा गांव के किशोर यादव ने तहरीर में बताया है कि उनकी बड़ी बेटी देविका (26) की शादी वर्ष 2014 में खड्डा थाना क्षेत्र के विशुनपुरा गांव के रामबहाल के बेटे श्रीनिवास से हुई थी। दोनों से दो बच्चे हैं। 11 जनवरी को ससुरालवालों ने देविका के लापता होने की पुलिस को सूचना दी। गुमशुदगी दर्ज कर तलाश शुरू हुई।
देविका के पिता किशोर ने ससुरालवालों पर दहेज उत्पीड़न और हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस को तहरीर दे दी। इसकी भनक लगते ही ससुरालवाले घर छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने बगल के गांव फटकदौना निवासी देविका के ननदोई दुर्गेश यादव उर्फ सज्जन को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की तो हत्या की जानकारी उजागर हुई।
उसने बताया कि श्रीनिवास ने अपने माता-पिता के सहयोग से गर्दन काटकर देविका की हत्या कर दी थी। शव को दो बोरे में रखकर बाइक से भेड़ी स्केप के महुअवा कोप ले गया। वहीं सिर को गड्ढे में दबा दिया, जबकि धड़ को पानी बहा दिया। पुलिस ने दुर्गेश की निशानदेही पर गोताखोरों की मदद से रविवार को नहर से सिर और बोरा बरामद किया। पुलिस टीम में शामिल एसआई नंदा प्रसाद, जीतबहादुर, राजेश, रामअवध और कांस्टेबल बिजली सिंह, बाबू लाल, नरेंद्र, चालक विंध्याचल आदि के काफी प्रयास के बाद भी देविका के धड़ का पता नहीं चला।
प्रभारी निरीक्षक अनुज कुमार सिंह ने बताया कि हत्या में शामिल दुर्गेश की निशानदेही पर सिर बरामद करते हुए मृतका के पति, सास-ससुर पर दहेज उत्पीड़न, हत्या व साक्ष्य छिपाने का मुकदमा दर्ज कर धड़ की तलाश की जा रही है।
एसपी राजीव नारायण मिश्र ने बताया कि मृतका के ससुरालवालों ने गुमशुदगी की शिकायत की थी, जिसके बाद पुलिस टीम लगाकर महिला की तलाश की जा रही थी। ननदोई के पकड़े जाने के बाद पूछताछ में उसने पूरी घटना के बारे में बताया। अन्य हत्यारोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।