कुशीनगर। लापता घोरघटिया गांव की बुजुर्ग महिला का शव सोमवार की सुबह करीब 10 बजे गांव के उत्तर गन्ने के खेत में क्षत विक्षत हालत में मिला। महिला बीते 20 जून को पूर्वांचल बैंक से रुपये निकालने के लिए कठकुइयां गई थीं। परिजनों ने 23 जून को वृद्धा की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। शव के पास ही उनका आधारकार्ड, मोबाइल व बैंक से निकाले गए दो हजार रुपये भी पड़े थे। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कुबेरस्थान थाना क्षेत्र के घोरघटिया गांव की रहने वाली 90 वर्षीया कल्पा देवी बीते 20 जून को घर से अकेले ही कठकुइयां स्थित पूर्वांचल बैंक में रुपये निकालने गई थीं। देर शाम तक जब वो घर नही पहुंची तो उनके परिजन खोजबीन करने लगे। उनके मोबाइल पर कॉल करके संपर्क की कोशिश गई। परेशान परिजनों ने 23 जून को स्थानीय थाने में गुमशुदगी रिपोर्ट दर्ज कराई। सोमवार की सुबह गांव की कुछ महिलाएं गांव के उत्तर चंवर में घास काटने गई हुई थीं। उन्हें किसी शव के दुर्गंध का आभास हुआ तो इसकी जानकारी गांव के कुछ लोगों को दी। इसके बाद कल्पा देवी के परिजन तथा गांव के अन्य लोग खेतों में तलाश करने लगे। यहां एक गन्ने के खेत में पड़े क्षत विक्षत शव पर नजर पड़ी तो चीख पुकार मच गई। शव की शिनाख्त कल्पा देवी के रूप में हुई। शव के पास ही उनका पर्स भी पड़ा हुआ था जिसमे बैंक से निकाले गये दो हजार रुपये तथा मोबाइल और उनका आधार कार्ड सुरक्षित पड़ा था। घटना की जानकारी होने पर सीओ सदर नितेश प्रताप और एसओ कुबेरस्थान राजेश कुमार मौर्या घटनास्थल पर पहुंचे। आशंका जताई जा रही है कि कठकुइयां से पगडंडी रास्ते से होकर घर आते वक्त बुजुर्ग कल्पा देवी की मौत हो गई होगी। इस संबंध में एसओ कुबेरस्थान राजेश कुमार मौर्या का कहना है कि मृतका कल्पा के परिजनों ने बीते 23 जून को गुमशुदगी रिपोर्ट दर्ज कराई थी। सोमवार की सुबह गांव के उत्तर गन्ने के खेत से क्षत विक्षत हालत में शव बरामद हुआ है, लेकिन परिजन घटना के संबंध में कोई आशंका नहीं जता रहे हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।