जानकीनगर। कसया थाना क्षेत्र के दमवतिया चौराहे पर दो बाइक आपस में टकरा जाने से दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। उनको जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टर ने एक को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
कसया थाना क्षेत्र के नरसर गांव के निवासी उमानंद कुशवाहा (22) दोपहर करीब दो बजे बाइक से पडरौना जा रहे थे। रवींद्रनगर चौराहे से करीब दो सौ मीटर आगे दमवतिया गांव के सामने कसया की ओर से तेजी से आ रही बाइक टकरा गई। उस पर सुरेंद्र (30) निवासी घोरघटिया सवार थे।
सुरेंद्र राय को जिला अस्पताल से मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। रवींद्रनगर चौकी इंचार्ज सदानंद यादव ने दो बाइक को पुलिस चौकी पर रखवा दिया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बाइकचालकों ने हेलमेट नहीं पहना था।