स्कूल परिसर में जला दिया शव, बच्चे नहीं आए
अमर उजाला ब्यूरो
तमकुहीराज। विकास खंड के प्राथमिक विद्यालय भरपटिया कोमलटोला के परिसर में कुछ लोगों ने शव जला दिया। स्कूल के बच्चे डर कर घर भाग गए। बच्चे दूसरे दिन भी स्कूल नहीं आए। शिक्षा विभाग आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की बात कर रहा है।
प्राथमिक विद्यालय भरपटिया कोमल टोला परिसर में बृहस्पतिवार को गांव के कुछ लोग शव जला दिया। परिसर में शव को जलता देख स्कूल में पढ़ने वाले अधिकांश बच्चे डर कर भाग गए। शुक्रवार को भी परिसर में शव जलने के कारण बच्चे नहीं आ सके। स्कूल की अध्यापिका हंशी मनराल ने बताया कि परिसर में शव जलने से चारों तरफ दुर्गंध है। अनेक बच्चे डर कर भाग गए। बच्चों में शव जलने से भय का माहौल है। ग्राम प्रधान हीरालाल यादव का कहना है कि ग्राम सभा में श्मशान के लिए भूमि आरक्षित है। जहां शव जलाया जाता है। लेकिन कुछ लोग मना करने के बावजुद मनबढई के बल कर स्कूल की जमीन में शव जला देते हैं। इस संबंध में बीईओ अजय कुमार तिवारी का कहना है कि स्कूल परिसर में शव जलाने की शिकायत मिली है। मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों को देने के साथ ही आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।