पडरौना। जनपद मुख्यालय स्थित सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की शाखा से 15 हजार रुपये निकालकर घर जा रही महिला ठगी की शिकार हो गई। दो उचक्के चाची कहकर कागज की गड्डी थमाए और 15 हजार रुपये लेकर चंपत हो गए। महिला कागज की गड्डी लिए इधर उधर भटकती रही। उसके बाद जब तक रवींद्रनगर पुलिस चौकी शिकायत लेकर पहुंची, तब तक उचक्के जा चुके थे।
कसया थाना क्षेत्र के बांगर सिधुआं गांव की निवासी रमावती (50) सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की रवींद्रनगर शाखा में अपने खाते से रुपये निकालने आई थीं। उन्होंने बताया कि दोपहर करीब 12 बजे वह 15 हजार रुपये निकालकर पैदल ही चौराहे की तरफ बढ़ीं, तब तक दो युवक आए और चाची कहकर उनसे फुटकर रुपये मांगने लगे।
उन दोनों ने कागज की गड्डी थमा दिया और झोले से रुपये निकालकर देने का आग्रह करने लगे। जब तक रमावती कुछ समझें, उनमें से एक उचक्का झोला समेत रुपये लेकर गांव की ओर भाग गया। उन्होंने रोते बिलखते रवींद्रनगर चौकी पहुंचकर पुलिस से शिकायत की। दो पुलिसकर्मी आए भी, लेकिन तब तक उचक्के वहां से जा चुके थे।