ठाढ़ीभार गांव में आस मोहम्मद की मौत के बाद जांच करती पुलिस ।
- फोटो : अमर उजाला
दुदही(कुशीनगर)। विशुनपुरा क्षेत्र के ठाढीभार गांव में गुरुवार की रात बहू ने प्रेमी के साथ मिलकर ससुर को धक्का दे दिया। सिर में गंभीर चोट से ससुर की मौत हो गई। शोर सुनकर जुटे लोगों ने बहू और उसके प्रेमी की पिटाई कर गमछे से हाथ-पैर बांध दिया। बाद में पुलिस ने दोनों को हिरासत में ले लिया। बहू और उसके प्रेमी के खिलाफ पुलिस ने गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ठाढ़ीभार गांव निवासी 32 वर्षीय अफसाना खातून पांच बच्चों की मां है। उसका गांव के ही 22 वर्षीय चंचल यादव से प्रेम संबंध है। गुरुवार की रात अफसाना से मिलने चंचल यादव उसके कमरे में आया था। 50 वर्षीय ससुर आस मोहम्मद ने बहू को आपत्तिजनक हाल में देखकर आपा खो दिया।
उन्होंने युवक को पकड़ने की कोशिश की तो दोनों ने मिलकर उसे धक्का दे दिया। वह जमीन पर गिर गए। आस मोहम्मद की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस बहू और उसके प्रेमी को हिरासत में लेकर थाने चली गई। पीड़ित सास तैरुननिशा ने बहू और उसके प्रेमी के खिलाफ तहरीर देकर करवाई की मांग की।
एसपी राजीव नारायण मिश्र ने बताया कि पीड़ित पत्नी की तहरीर के आधार पर उसकी बहू अफसाना और प्रेमी चंचल यादव के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह स्पष्ट हो जाएगी। उसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।