विदेश भेजने के नाम पर एक व्यक्ति ने 15 युवकों से रुपया वसूल लिया है। परंतु कई महीना बाद भी न तो इनमें से किसी को विदेश भेजा गया और नहीं रुपया ही वापस किया गया। पीड़ित युवकों ने सोमवार को कलेक्ट्रेट आकर ज्ञापन सौंपा। एएसडीएम ने ज्ञापन लेकर कार्रवाई का आश्वासन दिया।
शिकायतकर्ता इमामुद्दीन शाह, सैफ, मुहम्मद आरिफ, हैदर अली, जावेद अंसारी, सज्जाद अंसारी, अहमद मंसूर आदि ने बताया कि एजेंट ने विदेश भेजने के नाम पर प्रति व्यक्ति 60 हजार की दर से रुपया लिया था। जेवर व खेत गिरवी रखकर रुपया देने के बाद भी न तो किसी को वीजा मिला और न ही अब पासपोर्ट और रुपया ही वापस दे रहा है। पीड़ितों ने मामले की जांच कराकर आरोपी व्यक्ति के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है।
फाजिलनगर प्रतिनिधि के अनुसार पटहेरवा थाना क्षेत्र गांव लछिया देवरिया निवासी खुशबुद्दीन ने भी मुकामी पुलिस को शिकायती पत्र देकर एक व्यक्ति के नाम पर विदेश भेजने के लिए 50 हजार रुपया हड़प लेने का आरोप लगाया है। पीड़ित के अनुसार बीते 22 मई को एजेंट ने उसका पासपोर्ट ले लिया। रुपया लेकर उसने 18 जून को विदेश जाने की बात कही थी। परंतु दो माह बाद भी न तो पासपोर्ट मिला और न ही रुपया ही वापस हो रहा है। इस संबंध में एसओ भीम यादव ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।