पडरौना। डीएम के निर्देश पर मंगलवार को एआरटीओ की तरफ से जिले में सघन चेकिंग अभियान चलाकर ट्रैक्टरों की जांच की गई। इसमें कमियां मिलने पर 15 ट्रैक्टर को सीज करते हुए करीब साढ़े छह लाख रुपये की वसूली की गई।
एआरटीओ संदीप कुमार पंकज ने बताया कि डीएम डॉक्टर अनिल कुमार सिंह ने व्यवसायिक कार्यों में प्रयुक्त ट्रैक्टर-ट्रालियों की जांच करने का निर्देश दिया था। इसके तहत मंगलवार को जिले के पडरौना, सेवरही, विशुनपुरा, पटहेरवा, कसया आदि स्थानों पर अभियान चलाकर कार्रवाई की गई। टैक्स, फिटनेस, परमिट आदि जरूरी कागजात नही दिखा पाने पर 15 ट्रैक्टरों को सीज कर दिया गया।
इसके अलावा पांच ट्रैक्टरों का टैक्स बाकी होने पर छह लाख 45 हजार रुपये की वसूली की गई। सभी ट्रैक्टर व्यावसायिक कार्य में लगे थे। उन्होंने बताया कि इस तरह का अभियान आगे भी चलता रहेगा। नियमों की अनदेखी करने वाले वाहनों के खिलाफ नियमत: कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान राजकुमार पाल, सुरेंद्र सिंह, अफजल, खान, महमूद हामिद आदि मौजूद रहे।
बंद आरा मशीन से 74 बोटा लकड़ियां बरामद
पकड़ियार बाजार। खड्डा वन रेंज की टीम ने मंगलवार को अपनी टीम के साथ नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के ढोलहा गांव में एक व्यक्ति के बंद आरामशीन पर छापा मारा। वहां आम, शीशम और कटहल के बोटे बरामद हुए। उसे जब्त कर उन्होंने खड्डा वन कार्यालय भेजवा दिया।
खड्डा रेंज के वन दरोगा मिन्हाज अंसारी और रमेश गुप्ता सहित राजेंद्र प्रसाद व बीके सिंह ने गांव में घुघली-कोटवा मार्ग के किनारे पूर्व में संचालित रही आरा मशीन के कैंपस में छापा मार। कैंपस में रखी शीशम, आम, कटहल की करीब 74 बोटा अवैध लकड़ी ट्रैक्टर ट्राली पर लदवाकर रेंज आफिस खड्डा भेजवा दिया। वन दरोगा मिन्हाज अंसारी ने बताया कि उपसंभागीय अधिकारी के निर्देश पर कार्रवाई की जा रही है। अवैध लकड़ी बरामद कर खड्डा फारेस्ट आफिस भेजी गई है। नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।