लापता बालक का शव गंगनगर में मिला, कोहराम मचा
खतौली। लापता बालक का शव गंगनहर में पड़ा मिला। परिजनों व मोहल्ले के लोगों ने हत्या कर शव को गंगनहर में फेंकने की आशंका जताई। पुलिस जांच पड़ताल में जुटी है। परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया है।
मोहल्ला देवीदास निवासी नईम का चार साल का पुत्र फैज नगर के एक मदरसा में पढ़ता था। पुलिस के मुताबिक फैज अपने भाई और मोहल्ले के साथियों के साथ मंगलवार को मदरसा में पढ़ने के लिए गया था। मदरसा से छुट्टी होने के बाद फैज शाम चार बजे अपने घर लौट आया था। इसके बाद फैज फिर अपने घर से कहीं खेलने के लिए चला गया। फैज के घर काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसको तलाश करना शुरू कर दिया। इसी दौरान गंगनहर में रेत निकालने वाले लोगों ने बालक के शव को पानी में पड़ा देखा। लोग बालक को गंगनहर से निकालकर तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ले गए, जहां पर चिकित्सकों ने बालक को मृत घोषित कर दिया। बालक का शव मिलने पर परिवार के लोग अस्पताल में पहुंचे। परिजनों ने शव की पहचान फैज के रूप में की। बालक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। मोहल्ले के लोगों और परिजनों ने फैज की हत्या करके शव को गंगनहर में फेंकने की आशंका जताई। सूचना मिलने पर पुलिस मृतक बालक के परिजनों के घर पर पहुंची। पुलिस ने घटनाक्रम की जानकारी ली। परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को परिजनों को सुपुर्द कर दिया। इंस्पेक्टर संतोष कुमार सिंह का कहना है कि बालक की मौत गंगनहर में पानी में डूबने से हुई है। इसके बावजूद पुलिस जांच पड़ताल कर रही है। परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया है।