ई टिकट के अबैध कारोबार करने के आरोप में आरपीएफ कप्तानगंज ने युवक को गिरफ्तार किया।
- फोटो : अमर उजाला
कप्तानगंज। आरपीएफ ने बृहस्पतिवार को रामकोला के ओम साईं ट्रेवेल्स पर छापा डाला। वहां से 20 ई टिकट और 23 हजार रुपये से अधिक नकद बरामद किया। ओम साईं ट्रेवेल्स के संचालक को हिरासत में ले लिया गया है। इससे फर्जी तरीके से टिकट जारी करने वालों में हड़कंप मच गया है।
रामकोला थाना क्षेत्र के ग्राम सभा मोतीपाकड़ निवासी अवधेश यादव रामकोला बाजार में ओम साईं ट्रेवेल्स नाम से दुकान खोलकर रेलवे ई टिकट बनाते हैं। यहां फर्जी तरीके से रेलवे ई टिकट जारी करने की सूचना पर कप्तानगंज आरपीएफ के प्रभारी निरीक्षक मुकेश कुमार सिंह बृहस्पतिवार को एसआई सुरेशचंद पांडेय, परमेंद्र राय, नंदकिशोर सहित अन्य सहयोगियों के साथ दिन के दो बजे छापा मारे।
वहां 20 की संख्या में ई टिकट मिले, जिसकी कीमत 27426.00 रुपये और 23150.00 नकद बरामद हुए। इसके अलावा वहां एक स्वैप मशीन, एक लैपटॉप, एक प्रिंटर भी आरपीएफ ने अपने कब्जे में ले लिया। वहां से प्रभारी निरीक्षक ने संचालक को हिरासत में ले लिया।
प्रभारी निरीक्षक मुकेश कुमार सिंह ने बताया कि वहां फर्जी आईडी और ईमेल के साथ अलग अलग मोबाइल नंबरों का प्रयोग करके ई टिकट फर्जी तरीके से जारी किया जा रहा था। आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।