कुशीनगर। नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के बहोरा रामनगर गांव में तीन ठग एक महिला को तंत्र-मंत्र के जरिए पारिवारिक कलह दूर करने का झांसा देकर आभूषण ले गए। घटना शनिवार के सुबह 10 बजे की है। ठगी का एहसास होने पर पीड़ित महिला ने पुलिस को सूचना दी।
बहोरा रामनगर गांव निवासी लल्लन के घर सुबह करीब 10 बजे बाइक से तीन युवक पहुंचे। उस वक्त लल्लन की पत्नि बसंती घर में अकेली थीं। महिला के अनुसार तीनों युवकों ने अपने को तांत्रिक बताते हुए कहा कि तंत्र-मंत्र के जरिए उनकी पारिवारिक कलह सहित अन्य कष्ट दूर करा देंगे। तीनों युवकों ने बसंती को एक चावल की पोटली में अपना जेवर रखकर लाने को कहा। बसंती ने अपना मंगलसूत्र चावल की पोटली में रख कर तांत्रिक बने युवकों को थमा दिया। कुछ देर बाद युवकों ने चावल की पोटली महिला को पकड़ा दी और चलते बने। उनके जाने के बाद जब उसने पोटली खोली तो मंगलसूत्र गायब था। युवकों की तलाश की गई, लेकिन कुछ पता नहीं लगा। इस संबंध में एसओ राकेश कुमार सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिली है। इसकी छानबीन कराई जा रही है।