जटहा बाजार। पडरौना कोतवाली क्षेत्र के खिरकिया गांव के पूर्वी टोला पर बुधवार की रात चोरों ने सेंध लगाकर दो घरों से करीब दो लाख रुपये का सामान चुरा लिया। रात में एक बजे इसकी जानकारी होने पर डायल 100 पुलिस की सूचना दी गई। घर से करीब 100 मीटर की दूरी पर टूटा हुआ बॉक्स मिला।
खिरकिया पूर्वी टोला निवासी सराफत के मुख्य दरवाजे के नीचे मिट्टी काटकर चोर अंदर जाकर दरवाजा खोल दिए। अंदर रखा बाक्स और अन्य सामान चुरा ले गए। सराफत के मुताबिक चार सोने के आभूषण, 22 हजार रुपये नकद और कपड़े चोरी हुए हैं। इसी टोले के निवासी नसीबुन के घर पीछे का टाट हटाकर अंदर घुसे चोरों ने 50 हजार रुपये नकद, सात आभूषण और कपड़े चुरा लिए। इस संबंध में एसआई एके जैदी ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर गई थी और जांच किया गया है। जल्द ही इसका खुलासा कर दिया जाएगा।