श्ाव काे पुलिस ने कब्जेे में लिया।
- फोटो : कुश्ाीनगर ब्यूरो
कप्तानगंज। शनिवार की सुबह कप्तानगंज-हाटा मार्ग पर सेमरा गांव के सामने 20 वर्षीय युवक का शव मिला। शव सेमरा गांव के भेड़िहवा टोला निवासी युवक का था। युवक के घरवाले सुबह जब उसकी तलाश करने लगे तब उन्हें शव सड़क पर होने की जानकारी मिली। कप्तानगंज पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शव के ऊपर से किसी वाहन के गुजरने का निशान है। घटना को लेकर कई तरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं।
कप्तानगंज थाना क्षेत्र के ग्राम सभा सेमरा के लोग सुबह जब सड़क की तरफ निकले तो एक युवक का शव दिखा। देखने से ऐसा प्रतीत हो रहा था कि किसी वाहन की चपेट में आने से इसकी मौत हो गई है। भीड़ जुटी तो शव की पहचान इसी गांव के भेड़िहवा टोला निवासी शहाबुद्दीन के पुत्र 20 वर्षीय मेराज के रूप में की गई। मेराज का शव सड़क पर होने की सूचना पाकर उसके घरवाले वहां पहुंचे।
पिता शहाबुद्दीन के अनुसार शुक्रवार की रात में उसके दोनों लड़के बरामदे में सोए थे। भोर में उनकी नींद खुली तो बड़ा लड़का बिस्तर पर ही सो रहा था लेकिन मेराज नहीं दिखा। अनुमान लगाया गया कि भोर में नित्यक्रिया के लिए घर से निकला हो लेकिन चप्पल व स्वेटर आदि वहीं होने पर आशंका वश उसकी तलाश होने लगी। कुछ देर बाद सेमरा टोले के लोगों ने मेराज का शव सड़क पर मिलने की सूचना दी।
इस संबंध में एसओ कप्तानगंज श्याम लाल यादव ने बताया कि सुबह गांव के चौकीदार ने सड़क पर युवक का शव मिलने की सूचना दी तो वे फोर्स लेकर वहां पहुंचे थे। युवक के सीने और पैर के ऊपर से किसी वाहन के गुजरने का निशान है। सीने व पैर पर गहरे जख्म हैं। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट मिलने पर ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता लग पाएगा। मामले की छानबीन हो रही है।