आग लगने से छप्पर का मकान जल कर हुए राख।
- फोटो : अमर उजाला
नेबुआ रायगंज। नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर गांव में पशुओं के लिए बनी झोपड़ी में आग लग जाने से दो लोग झुलस गए। उन्हें जिला अस्पताल से मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। मवेशी भी झुलसे हैं।
गांव के रामू ने पशुओं को मच्छरों से बचाने के लिए सोमवार की रात में झोपड़ी में धुआं किया था। रात करीब 11 बजे झोपड़ी में आग पकड़ ली और मवेशी झुलस गए। धीरे-धीरे आग पड़ोसी श्यामू की झोपड़ी में भी पकड़ ली। बताया जा रहा है कि झोपड़ी में सो रही पत्नी संजू और तीन वर्ष की बेटी संजू को बचाने की कोशिश में 27 वर्षीय श्यामू गंभीर रूप से झुलस गए।
पांच वर्ष की बेटी परी भी गंभीर रूप से झुलस गई। देखते ही देखते पड़ोसी छांगुर व जगदीश के घर भी जलने लगे। छांगुर ने बताया कि उनके घर के पांच हजार व जगदीश के दस हजार रुपये नकद और सामान जल गए। झुलसे पिता-पुत्री को सीएचसी नेबुआ नौरंगिया ले जाया गया। डॉक्टर ने स्थिति गंभीर देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहां से भी दोनों को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। वहां दोनों का इलाज चल रहा है। मंगलवार को सुबह कानूनगो देवेंद्र प्रसाद के साथ पहुंची राजस्व टीम ने क्षति का आंकलन किया।
पोल्ट्री फार्म में लगी आग बुझाने में युवक झुलसा
रामकोला। थाना क्षेत्र के उर्दहां दुबौली गांव में पोल्ट्री फार्म में लगी आग बुझाने में युवक झुलस गया। कई मुर्गियां जिंदा जल गईं। काफी प्रयास के बाद आग बुझाई जा सकी।
गांव के जगदीश पोल्ट्री फार्म खोलकर आजीविका चलाते हैं। बगल में ही भैंस पाले हैं। गांव के बाहर पोल्ट्री फार्म में सोमवार की रात आग लग गई। इस आग में उनकी बाइक जल गई। वहां बांधी गई भैंस को खोलकर किसी तरह बाहर निकाला गया, लेकिन आग में कई मुर्गियां जल गईं। आग बुझाने में जगदीश भी झुलस गए। उनका इलाज चल रहा है।