कार्ड बदल कर खाते से निकाले 15000
तमकुहीराज।तरयासुजान थाना क्षेत्र के सलेमगढ़ बाजार स्थित पंजाब नेशनल बैंक के एटीएम में पैसा निकालने गए एक व्यक्ति की मदद के नाम पर जालसाज ने कार्ड बदल लिया। बाद में उसके खाते से एटीएम कार्ड के सहारे दो बार में 15000 रुपये की निकासी भी कर ली। जानकारी होने पर पीड़ित परेशान हो गया और बाद में पुलिस को सूचना दी।
सलेमगढ़ बाजार निवासी विजय कुमार बाल्मिकी शुक्रवार को कस्बा के स्थित पंजाब नेशनल बैंक के एटीम बूथ से पैसा निकालने गए थे। बूथ में पहले से खडे जाजसाज ने मदद के नाम पर उसका एटीएम कार्ड बदल दिया। बार- बार प्रयास करने के बाद जब पैसा नही निकल पाया तो वह एटीएम से बाहर निकल गए। इसी दौरान उनके मोबाइल पर दो बार में पंद्रह हजार रुपये निकाल लिए जाने की सूचना पहुंची तो वह सकते में आ गए। पीड़ित ने घटना की जानकारी बैंक के शाखा प्रबंधक एवं पुलिस को देकर आवश्यक कार्रवाई करने की गुहार लगाई है।