मथौली। कस्बे के वार्ड संख्या-12 में करीब पांच करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन राम जानकी छठ घाट का बुधवार को नगर पंचायत अध्यक्ष ने निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य में गुणवत्ता का विशेष ख्याल रखने के निर्देश दिए। चेताया कि निर्माण कार्य में घटिया सामग्री मिलने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
चेयरमैन नवरंग सिंह ने कहा कि नगर पंचायत मथौली का सर्वांगीण विकास उनकी प्राथमिकता है। रामजानकी छठ घाट का निर्माण नगर के लिए एक ऐतिहासिक और महत्वपूर्ण परियोजना है। इससे धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। घाट निर्माण के साथ ही रामजानकी मंदिर के निर्माण की प्रक्रिया भी जल्द शुरू की जाएगी। इसके लिए लगभग डेढ़ करोड़ रुपये स्वीकृत हो चुके हैं।
मंदिर निर्माण से क्षेत्र की धार्मिक पहचान और अधिक मजबूत होगी। इसके अलावा मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी। उन्होंने चेताया कि निर्माण कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही मिली तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई तय है।