पकवा इनार (कुशीनगर)। महात्मा बुद्ध की महापरिनिर्वाण स्थली कुशीनगर में पर्यटकों को लुभाने के लिए पर्यटक सुविधा केंद्र का निर्माण कार्य चल रहा है। इस पर आठ करोड़ रुपये खर्च होंगे। यहां पर्यटकों को ठहरने, खाने-पीने और अन्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी। कार्यदायी संस्था के लिए परियोजना पूरी करने की अवधि 30 जनवरी 2026 तक निर्धारित है। निर्माण कार्य अभी जल्द ही आरंभ हुआ है।
पर्यटन विभाग और जिला प्रशासन बुद्ध धरा को विकसित करने के लिए कई परियोजनाओं पर काम कर रहा है। इन सभी परियोजनाओं को धरातल पर उतारकर कुशीनगर को विश्व पटल पर चमकाने की तैयारी है। पर्यटन व पर्यटक सुविधाओं को बढ़ाकर ख्याति दिलाने के लिए बुद्ध से जुड़े प्रमुख स्थलों को विकसित किया जा रहा है। इन परियोजनाओं में ही करीब पांच एकड़ क्षेत्रफल में पर्यटक सुविधा केंद्र के निर्माण का काम शुरू हो गया है। पर्यटक केंद्र में भूतल व उसके ऊपर उच्च सुविधायुक्त एक मंजिल भवन निर्मित किया जाएगा। इसके चारों तरफ चहारदीवारी, प्रवेश द्वार, गार्ड रूम, पाथवे, बेंच व कूड़ेदान आदि का प्रबंध रहेगा। केंद्र पर पहुंचने वाले प्रत्येक देश-विदेश के पर्यटकों को कुशीनगर व बुद्ध से जुड़े स्थलों की ऐतिहासिकता, धार्मिकता व पुरातात्विक महत्व को भी बताया जाएगा। अब तक जिले में इस तरह की सुविधा का केंद्र नहीं है, जहां से पर्यटकों को एक साथ हर तरह की जानकारी उपलब्ध हो सके। इसके संचालन से उन्हें सहूलियत व सुविधाएं मिलेंगी। कार्यदायी संस्था ने कार्य स्थल बोर्ड लगा दिया है।
0000000
चल रहा प्लेन सीमेंट कंक्रीट का काम-
पर्यटक सुविधा केंद्र के निर्माण के लिए कार्य स्थल पर वर्तमान में प्लेन सीमेंट कंक्रीट पीसीसी का काम चल रहा है। स्थल पर ठेकेदार ने ईंट, गिट्टी, बालू, छड़ आदि रखा है। तकनीकी विशेषज्ञ व मिस्त्री की निगरानी में काम चल रहा है। कंक्रीट के खंभे निर्मित करने के लिए नींव की खुदाई आदि कर ली गई है। मजदूरों को ठहरने के लिए भी प्रबंध कर लिया गया है।
0000000
ये परियोजनाएं कुशीनगर के पर्यटन विकास में लगाएंगे चार चांद
पर्यटक सुविधा केंद्र के अलावा अन्य कई परियोजनाएं निर्माणाधीन हैं। इनके पूरी होने पर पर्यटन विकास में कुशीनगर भी उंचाइयों को छूएगा। वर्तमान में पर्यटन विकास की करीब एक अरब रुपये की अलग-अलग विभिन्न परियोजनाओं पर काम चल रहा है। उनमें 17 करोड़ से लाइट एंड साउंड शो, 17 करोड़ से ही राजकीय बौद्ध संग्रहालय में बुद्धा थीम पार्क, 23 करोड़ रुपये से अधिक लागत से बौद्ध कालीन हिरण्यवती नदी का सुंदरीकरण, पाथवे, लाइटिंग समेत मंझरिया देवी स्थल, कुबेरस्थान, पावानगर, कुकुत्था नदी पुरैना घाट आदि जगहों पर करोड़ों की परियोेजनाएं निर्माणाधीन हैं।
0000000
पर्यटक सुविधा केंद्र के निर्माण का कार्य शुरू कर दिया गया है। मानक व गुणवत्ता के साथ काम कराया जा रहा है। इसके बनने से कुशीनगर आने वाले देश-विदेश के पर्यटकों व सैलानियों को अत्याधुनिक सुविधाएं मुहैया कराई जाएगी, यही नहीं उन्हें अन्य बहुत जरूरी जानकारी व सूचनाएं भी मिलेंगी। जिससे मौजूदा समय में कुशीनगर अछूता है।
- डाॅ. प्राण रंजन, पर्यटन सूचना अधिकारी