खड्डा पुलिस ने बरामद की अवैध शराब।स्रोत-सोशल मीडिया
खड्डा। थाना क्षेत्र के सालिकपुर पुलिस चौकी के पास बृहस्पतिवार को पुलिस ने मालवाहक से लकड़ी के बाॅक्स में छिपाकर बिहार ले जाई जा रही 101 पेटी में 782 लीटर अंग्रेजी शराब की खेप बरामद की है। पुलिस को देखते ही तस्कर भाग गए। पुलिस की जांच में वाहन में एचडीएफसी बैंक का रेफरेंस लेटर मिला। पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई में जुटी है।
खड्डा थानाध्यक्ष संदीप सिंह ने बताया कि थाना क्षेत्र के सालिकपुर पुलिस चौकी के पास पुलिस कर्मियों के साथ बुधवार की रात करीब 12 बजे वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस की सक्रियता देख एक मालवाहक गंडक नदी के पुल के पास ही वाहन रोककर चालक और उसमें बैठे तस्कर भाग गए। संदेह होने पर पुलिस ने माल वाहक वाहन की तलाशी ली, तो उसमें लकड़ी के बाक्स में छिपाकर ले जाई जा रही 101 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद हुई। उन्होंने बताया कि वाहन की जांच में पुलिस को एचडीएफसी बैंक का रेफरेंस लेटर मिला है। उस पर वाहन में चार एटीएम कैबिनेट (लकड़ी के लेमिनेटेड बड़े बॉक्स) दरभंगा बिहार ले जाए जा रहे हैं, लिखा मिला था। पुलिस ने बॉक्स की जांच की तो उसमें चंडीगढ़/हरियाणा निर्मित 101 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद हुई। उन्होंने बताया कि वाहन नंबर के आधार पर पुलिस ने आबकारी अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर तस्करों की तलाश शुरू कर दी है।