पकवा इनार/ कुशीनगर। कुशीनगर पर्यटन और छोटे शहरों से कनेक्टिविटी बढ़ेगी। आम बजट में 2025-26 में पर्यटन विकास व हवाई सेवाओं को लेकर विशेष प्रावधान किया गया है।
बजट में देश के बौद्ध तीर्थ स्थलों का विकास केंद्र और राज्य सरकार समन्वय बनाकर करेंगे उसमें महापरिनिर्वाण स्थली कुशीनगर भी शामिल हैं। इसके अलावा घरेलू और छोटे शहरों से कनेक्टिविटी के साथ सुलभ व सस्ती हवाई सेवाएं भी आमजन को मुहैया कराने के लिए उड़ान योजना के तीसरे चरण की भी घोषणा की गई है। इसमें कुशीनगर एयरपोर्ट भी शामिल है। बौद्ध तीर्थ स्थलों के विकास व एयरपोर्ट को उड़ान योजना में शामिल किए जाने को लेकर लोगों में उम्मीद जगी है।
वित्त मंत्री ने बजट पेश करते हुए कहा कि सरकार पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए बुद्ध सर्किट को विकसित करने पर जोर देगी। इसी बुद्ध सर्किट की श्रेणी में कुशीनगर भी आता है, जहां आने वाले विदेशी मेहमानों के लिए उपयोगी मूलभूत सुविधाओं में बढ़ोतरी की जाएगी। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने उड़ान योजना के तीसरे चरण का भी एलान किया है, जिसमें 120 नए शहरों को शामिल किया जाएगा और घरेलू हवाई कनेक्टिविटी सुदृढ़ करते हुए सस्ती सेवाएं दी जाएंगी। वर्तमान समय में कुशीनगर से उड़ान स्थगित है। उड़ान योजना में शामिल किए जाने को लेकर लोगों में फिर एक बार आस जगी है।