सलेमगढ़। तरयासुजान विद्युत उपकेंद्र से जुड़े सलेमगढ़ बाजार में बुधवार को बिजली विभाग की टीम ने अभियान चलाकर बिजली के 30 बकाएदार उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे और दो लाख रुपये बकाये की वसूली की। इस दौरान 20 से अधिक व्यावसायिक उपभोक्ताओं के कनेक्शन की जांच भी की गई।
बिजली विभाग की टीम में एक्सईएन अरुण यादव, एसडीओ शुभम अग्रहरी, धर्मेंद्र मल्ल, जेई प्रवीण पांडेय, अनूप श्रीवास्तव, मीटर रीडर जेई मंटू यादव, सुनील कुमार, बृजेश प्रसाद, लाइनमैन अशोक राय ने बाजार में भ्रमण कर बिजली के बड़े बकाएदारों के कनेक्शन काटे। मौके पर कुछ बकाएदारों ने नगद बिजली बिल जमा किया। इस दौरान दो दर्जन त्रुटिपूर्ण बिजली के सुधार का आश्वासन उपभोक्ताओं को दिया गया।
एक्सईएन अरुण यादव ने बताया कि उन्हीं उपभोक्ताओं का कनेक्शन काटा गया जिनके बिजली बिल के बकाए की राशि दस हजार से अधिक है। यह अभियान मेगा ड्राइव के रूप में जारी रहेगा।