गाड़ी गिर जाने की वजह से फैजल की जान बच गई।
- फोटो : अमर उजाला।
गोरखपुर इलाज कराने जा रहे कुशीनगर जिले के रामकोला क्षेत्र के लाला छपरा गांव निवासी एक ही परिवार के पति, पत्नी और बच्ची समेत तीन लोगों की मौत से पूरे गांव में मातम छा गया है। घर में चीत्कार मची हुई है। परिजनों का बिलखना देख वहां हर किसी की आंखें भर आ रही हैं।
रामकोला थानाक्षेत्र के लाला छपरा निवासी फारुख (35) बुधवार को बाइक से पत्नी और दो बच्चों के साथ गोरखपुर इलाज कराने जा रहे थे। अभी वह पिपराइच थानाक्षेत्र के जंगल सुभान अली चौराहे के पास पहुंचे ही थे कि एक टेंपो की चपेट में आने से फारुख, पत्नी नजमा खातून (32) और बेटी नूरसमा (08) गंभीर रूप से घायल हो गए। जबकि बेटा फैजल (05) को हल्की चोट आई है। मौजूद लोगों ने सभी घायलों को गोरखपुर मेडिकल कॉलेज भेजवाया, जहां फारूख, नजमा और नूरसमा की इलाज के दौरान मौत हो गई। उनके बेटे फैजल का अभी इलाज चल रहा है। फारुख की मां कमरुन नेशा ने बताया कि फारुख दो माह पूर्व सऊदी अरब से लौटा था। फारुख के पिता खलील ने बताया कि इस संबंध में पिपराइच थाने में तहरीर दे दी गई है। गांव में मातम छाया हुआ है।
अम्मी-अब्बा को बुला दो...
हादसे में बाल-बाल बचा पांच साल का फैजल माता-पिता व बहन की मौत से बेखबर था। थाने में बैठा फैजल बार-बार अपने अम्मी-अब्बा को बुला रहा थी। पुलिस उसे समझा रही थी कि उसके मम्मी-पापा को चोट लगी है। इस वजह से अस्पताल में हैं, जल्दी आ जाएंगे। पुलिस उसे टॉफी और बिस्कुट देकर बहलाने की कोशिश में लगी रही।
इसे भी पढ़ें- एक झटके में चली गई तीन की जान: सड़क हादसे में दंपती और बेटी की मौत