- मौसम विभाग ने अगले दो दिन तक मौसम खराब रहने की जताई है आशंका
पडरौना। शनिवार की देर रात मौसम ने अचानक करवट बदली और हल्की बूंदाबांदी होने के साथ रविवार की दोपहर तक आसमान में बादल छाए रहे। इससे मौसम सुहाना बना रहा। हालांकि, दोपहर बाद हल्की धूप निकली तो उमस भरी गर्मी बढ़ गई, लेकिन दिन के करीब तीन बजे फिर सूरज बादलों के बीच छिप गया, जिससे मौसम फिर पहले की तरह हो गया।
शनिवार की रात हल्की बूंदाबांदी होने की वजह से रविवार की सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे। इस बीच चल रही ठंडी हवाओं ने मौसम को सुहाना बना दिया। ठंडी तेज हवा चलने से लोगों को गर्मी और उमस से काफी राहत महसूस कर रहे थे। आसमान में बादल छाए रहने के चलते रविवार को मौसम का अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया। आसमान में बादलों को देखकर लोगों को लग रहा था कि बारिश भी हो सकती है, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। हालांकि दोपहर बाद आसमान में बादल छटे तो धूप निकल आई, लेकिन दोपहर करीब तीन बजे के बाद फिर मौसम पहले की तरह हो गया।
शाम के समय मौसम सुहाना होने से बाजारों में आम दिनों की अपेक्षा रविवार को लोगों की भीड़ नजर आई। छुट्टी का दिन और ठंडे मौसम में लोग खरीदारी के लिए उत्साह के साथ निकले। कृषि विज्ञान केंद्र सरगटिया के मौसम वैज्ञानिक श्रुति वी सिंह ने बताया कि मौसम विभाग की तरफ से जारी मौसम के पूर्वानुमान में पहले ही आसमान में बादल छाए रहने और जिले के कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना जताई है। सोमवार को भी मौसम कुछ इसी तरह बना रहेगा।