कसया। अंतरराष्ट्रीय पर्यटक स्थली स्थित रामाभार स्तूप के निकट निर्माणाधीन महात्मा बुद्ध कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में बीएससी एजी की कक्षाएं 15 सितंबर से हर हाल में शुरू होंगी। बृहस्पतिवार को डीएम महेंद्र सिंह तंवर और ज्वॉइंट मजिस्ट्रेट जी अक्षय दीपक ने निर्माणाधीन विश्वविद्यालय परिसर का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। अधिकारियों ने निर्माण एजेंसी के अभियंता और ठेकेदार को कड़ी चेतावनी देते हुए दिन-रात काम कराकर निर्धारित समय में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि 15 सितंबर से कक्षाएं संचालित होनी हैं इसलिए क्लास रूम और छात्रावास हर हाल में तैयार होने चाहिए। निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्माण एजेंसी को 10 सितंबर तक सभी जरूरी कार्य पूर्ण कर इसकी सूचना उपलब्ध कराने का सख्त निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान डीएम ने निर्माणाधीन क्लास रूम, छात्रावास और प्रसाधन आदि का जायजा लिया।
उन्होंने ज्वॉइंट मजिस्ट्रेट को निर्देश दिया कि तहसील की टीम के माध्यम से प्रतिदिन निर्माण कार्य की समीक्षा कराई जाए। साथ ही वह स्वयं प्रत्येक दो दिन में विश्वविद्यालय परिसर का निरीक्षण कर प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करें। डीएम ने कहा कि समय सीमा में कार्य पूरा कराने के लिए आवश्यकता के अनुसार दिन और रात दोनों पालियों में काम कराया जाए। निरीक्षण के दौरान तहसीलदार धर्मवीर सिंह, नायब तहसीलदार संदीप कुमार, राजस्व निरीक्षक ब्रजेश मणि त्रिपाठी, पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता, लेखपाल शैलेंद्र दूबे, रामेंद्र मणि त्रिपाठी आदि कर्मचारी मौजूद रहे।