पडरौना। बेसिक शिक्षा विभाग परिषदीय विद्यालयों में बच्चों का अब प्रत्येक माह टेस्ट लिया जाएगा। इससे उनकी शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार लाया जाएगा। प्रक्रिया अगले सत्र से शुरू की जाएगी। इसके बाद अभिभावकों को भी अंक दिखाकर उनसे भी चर्चा की जाएगी।
बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से हर माह के हिसाब से कोर्स निर्धारित किया है। प्रत्येक माह शिक्षक उस कोर्स को पढ़ाकर रिवीजन कराएंगे। प्रत्येक बच्चे के शैक्षणिक स्तर का आंकलन होगा। यदि बच्चा पढ़ाई में कमजोर पाया जाता है तो उस पर अतिरिक्त ध्यान दिया जाएगा। विभिन्न शैक्षणिक सामग्री प्रिंट रीच मैटेरियल, बिग बुक्स, पिक्चर स्टोरी कार्ड, पोस्टर्स, वार्तालाप चार्ट्स, लाइब्रेरी बुक्स, टीएलएम के माध्यम से पढ़ाई कराई जाएगी। बीएसए डॉ. राम जियावन मौर्या ने बताया कि बेसिक शिक्षा विभाग अब शैक्षणिक गुणवत्ता पर फोकस कर रहा है।