पडरौना। मौसम विभाग ने दो दिनों से हो रही धूप के बाद बृहस्पतिवार को एक बार फिर मौसम खराब होने की आशंका जताई है। विभाग ने अगले दो दिन तक 14 से 19 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से हवा चलने और जिले में बारिश व आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई है। कृषि विज्ञान केंद्र सरगटिया के मौसम वैज्ञानिक श्रुति वी सिंह ने बताया कि भारतीय मौसम विभाग की तरफ से जिले के मौसम का पूर्वानुमान जारी किया गया है।
उसके अनुसार शुक्रवार तक मौसम का अधिकतम तापमान 34 से 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। पूर्वानुमान अवधि के दौरान सुबह के समय सापेक्षिक आर्द्रता 80 से 91 प्रतिशत और शाम के समय सापेक्षिक आर्द्रता 55 से 65 प्रतिशत के बीच रहने का अनुमान है।
पूर्वानुमान अवधि के दौरान 14 से 19 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से तेज पुरुआ चलने की संभावना है।
उन्होंने बताया कि 17 व 18 अप्रैल को आसमान में बादल छाए रहने के साथ जिले में बारिश और कुछ स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है। इसको देखते हुए किसानों को खेत में कटाई, मड़ाई और फसलों को सुखाने के कार्यों से बचना चाहिए।