कुशीनगर। हाटा कोतवाली क्षेत्र के एक गांव के पूर्व प्रधान की गिरफ्तारी के लिए दबिश देने आई चौरीचौरा थाने की पुलिस ने गांव के दूसरे परिवार की युवती को हिरासत में लेकर थाने चली गई थी। आरोप है कि पुलिस वालों ने घर में घुसकर युवती से बदसलूकी की थी और थाने में भी अश्लील हरकत कर प्रताड़ित किया था। कोर्ट के आदेश पर चौरीचौरा थाने के सोनबरसा चौकी पर पूर्व में तैनात चौकी इंचार्ज समेत पांच सिपाहियों पर हाटा कोतवाली पुलिस ने केस दर्ज किया है। आरोपी चौकी इंचार्ज इन दिनों महराजगंज पुलिस लाइन में है।
हाटा कोतवाली क्षेत्र के एक गांव के पूर्व प्रधान ने गोरखपुर जिले के चौरीचौरा थाना क्षेत्र के सोनबरसा चौकी पर तैनात सिपाही प्रदीप से विवाद कर लिया था। पुलिस इस मामले में पूर्व प्रधान समेत चार लोगों पर गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया था। 16 जनवरी वर्ष 2022 को आरोपी प्रधान के घर चौरीचौरा पुलिस ने दबिश दी। आरोपी घर पर नहीं मिला तो पुलिस ने गांव के एक दूसरे घर में संदेह के आधार पर दबिश दी थी। वहां भी आरोपी नहीं मिल। घर में मौजूद एक युवती से पुलिस वालों ने बंद कमरे में आरोपी प्रधान विवेकानंद यादव के बारे में जानकारी ली। जानकारी नहीं देने पर युवती को पुलिसकर्मी थाने लेते गए। पीड़ित युवती के परिजन आरोपी प्रधान का खेत बंटाई बोते थे, इस लिए पुलिस को संदेह था कि आरोपी के बारे में युवती को जानकारी होगी।
आरोप है कि पुलिसवाले पीड़िता को चौकी ले गए और कनपटी पर रिवाल्वर सटाकर प्रताड़ित किया। पीड़िता की मां व चाची चौकी पर पहुंचीं तो काफी मिन्नत के बाद सादे कागज पर हस्ताक्षर करा लिया गया। चौकी प्रभारी ने गाड़ी के चालक को तीनों को घर छोड़ने का निर्देश दिया। चालक गांव के पास गाड़ी लाकर रोका और चाची व मां को वाहन से उतार दिया। पीड़िता को लेकर सड़क के दूसरी तरफ चला गया। चालक घने कोहरे का लाभ उठाते हुए पीड़िता को आगे की सीट पर खींचकर दुष्कर्म का प्रयास किया। शोर मचाने पर मां, चाची व गांव वाले जुटे तो चालक धमकी देते हुए भाग गया था। पीड़िता का आरोप है कि बार-बार थाने पर दौड़ने व एसपी को रजिस्ट्री करने के बाद भी कार्रवाई नहीं हुई। न्यायालय के आदेश पर हाटा कोतवाली पुलिस ने पूर्व सोनबरसा चौकी इंचार्ज रहे मदन मोहन मिश्रा, कांस्टेबल प्रदीप कुमार, थाने का चालक और दो महिला चालक पर एससी, एसटी, छेड़खानी, मारपीट और प्रताड़ित करने का केस दर्ज किया है। सीओ कुंदन सिंह ने बताया कि मामले की विवेचना की जा रही है।