पटहेरवा। सोशल मीडिया पर एक युवक को खंभे से बांधकर पीटने के मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों पर केस दर्ज किया है।
शनिवार को एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा था। इसमें एक युवक को खंभे से बांधकर कुछ लोग पीटते नजर आ रहे हैं। कुछ देर बाद रस्सी खुल जाने के बाद युवक गिर जाता है। उसके बचाव में एक महिला आकर उसे साथ लेकर जाती दिख रही है।
रजवटिया गांव निवासी रमेश शर्मा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि मार खाने वाला युवक आए दिन इनके परिवार को अपशब्द कहा करता था। इसको लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी भी हुई थी।
युवक के धमकी देने की बात से क्षुब्ध होकर रमेश शर्मा, प्रमोद शर्मा ने चार दिसंबर को आवेश में आकर आरोपी साथ मारपीट की। रमेश शर्मा की तहरीर पर आरोपी साहिल के खिलाफ पुलिस ने गाली-गलौज और धमकी की धाराओं के तहत केस दर्ज कर साहिल को शांति भंग में चालान कर दिया है।
इस संबंध में थानाध्यक्ष दीपक कुमार सिंह ने बताया कि वायरल वीडियो के मामले में केस दर्ज कर दोनों पक्षों पर 107, 116 के तहत विधिक कार्रवाई की जा रही है।