जोकवा/जौरा बाजार। चौरा खास थाने के गांव धुनवलिया हाईवे पर क्राॅसिंग के पास मंगलवार को सड़क पार कर रहे बाइक सवारों से कार टकरा गई। टक्कर इतनी तेज हुई कि कार गड्ढे में चली गई, जबकि बाइक पर सवार युवक उछलकर कुछ दूरी पर जा गिरे।
एंबुलेंस से लोगों ने घायलों को फाजिलनगर सीएचसी पर पहुंचाया, प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने मेडिकल कॉलेज कुशीनगर रेफर कर दिया। इसमें अलिशाद अली (20) समेत दो की हालत गंभीर थी। अलीशाद को गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया, जहां जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। हादसे के चलते हाईवे का एक लेन पर करीब एक घंटे तक आवागमन प्रभावित रहा।
बिहार प्रांत के मधुबनी जिले के विस्फी थाने के गांव ससरमा निवासी सलाउद्दीन और सैफुलाह मंगलवार को परिवार के साथ कार से दिल्ली जाने के लिए निकले।
अभी वह चौरा खास थाना क्षेत्र के गांव धुनवलिया फोरलेन क्राॅसिंग के पास पहुंचे थे कि एक बाइक पर सवार ग्राम अंध्या टोला हतवा थाना कसया निवासी गुलाम अली (21), अलिशाद अली (20) और तमकुहीराज थाने के लतवा बाजार निवासी गोल्डेन (22) अचानक उत्तरी से दक्षिणी लेन पर आ गए।
कार चालक उनको बचाने की कोशिश में कार को बाएं तरफ ही मोड़ने लगा। इसी दौरान सड़क के किनारे अपनी ट्राई साइकिल पर पेड़ की छांव में बैठे सरैया महंथ पट्टी निवासी 55 वर्षीय दिव्यांग राजेंद्र गिरी को ठोकर लग गई।
इससे वह घायल हो गए। इसके बाद कार बाइक से टकरा गई। इसमें बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। इसमें अलिशाद अली को गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया, जहां रास्ते में उसकी मौत हो गई। बाइक सवार किसी ने हेलमेट नहीं पहन रखा था। कार सवार मोहम्मद बिलाल (25) व मजबुनिशा (70) को भी हल्की चोटें आई है। कार में सवार बाकी लोग बाल-बाल बच गए।