तमकुहीराज। ऑनर किलिंग के मामले प्रेमी युगल की हत्या की गुत्थी पुलिस तकरीबन सुलझा चुकी है। घटना की कड़ी जोड़ने के बाद पुलिस लिखा पढ़ी में जुटी है, लेकिन अभी कुछ भी बताने से इन्कार कर रही है।
सूत्रों की मानें तो पुलिस दुबई में मौजूद किशोरी के चचेरे भाई से हुई बातचीत की मदद से हत्या को सुलझाने में सफल हुई है। पुलिस जल्द ही घटना का पर्दाफाश कर सकती है। दुबई में मौजूद किशोरी के दूसरे चचेरे भाई को साजिश में पुलिस आरोपी बना सकती है।
ऑनर किलिंग के मामले में पुलिस पूरी सावधानी व गोपनीयता से कदम बढ़ा रही है। हत्या में शामिल आरोपियों से पूछताछ में पुलिस को पता चला कि अलग-अलग स्थान पर किशोरी और युवक को बुलाकर घटना को अंजाम दिया ग्या।
पुलिस सभी स्थलों को एक-दूसरे से जोड़ चुकी है, मामले से मिले साक्ष्यों को पुलिस सत्यता की कसौटी पर परख चुकी है। मामले से जुड़े कुछ अनसुलझे सवालों के जवाब भी हिरासत में रखे गए आरोपियों से पुलिस उगलवा चुकी है।
पुलिस की जांच में यह तथ्य सामने आए है कि दुबई में बैठा किशोरी का दूसरा बड़ा भाई के भी ऑनर किलिंग के षड्यंत्र में शामिल होने का संदेह है। एक जुलाई की सुबह से वह लगातार परिजनों के संपर्क में रहा है और जरूरत के मुताबिक सलाह व सुझाव देते रहा है।
जांच में यह भी स्पष्ट हो चुका है कि पुलिस को गुमराह करने के लिए किशोरी के परिवार से जुड़े एक सदस्य ने 1090 पर फोन कर किशोरी के गायब होने की शिकायत दर्ज कराई, जबकि परिजनों को जानकारी थी।